संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने के लिए जागरूक किया। इसके लिए 15 जनवरी से 25 फरवरी तक जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में कैंप लगाए गए। छह हजार लोगों ने ईवीएम से वोट डालकर इसकी प्रक्रिया को समझा। इसके अलावा बूथवार ईवीएम वैन से मतदाताओं ने वोट डालकर इसका परीक्षण किया।
निर्वाचन आयोग सभी बूथों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने के प्रति जागरूक कर रहा है। इसके लिए एक माह से अभियान चलाया जा रहा है। जनपद व तहसील मुख्यालय पर कैंप लगाकर मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करना बताया गया। ईवीएम से 6675 लोगों ने मतदान किया, वहीं बूथवार ईवीएम भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत 7510 लोगों ने मतदान किया। उप निर्वाचन अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं को जागरूक किया गया है, साथ ही ईवीएम को लेकर मतदाताओं की शंकाओं को भी दूर किया गया है।