संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर। जनपद में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उदासीनता कहें या अनदेखी, शासन की योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रहीं हैं। ऐसा ही हाल असाध्य रोगियों को उपचार की सुविधा की है। विदित हो कि वर्ष 2018 में पैलिएटिव वार्ड बनाया गया था। लेकिन, आठ वर्ष बाद भी उपचार शुरू नहीं हो सका है। यही नहीं वर्तमान में वार्ड तक गायब हो गया है। ऐसे में अस्पताल लेकर जा रहे मरीजों के तीमारदारों को मायूसी हाथ लग रही है।
आठ वर्ष पहले स्वास्थ्य विभाग ने एनसीडी सेल कार्यक्रम के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन (जिला अस्पताल) की तीसरी मंजिल पर पेलिएटिव वार्ड बनाया गया था। दो कक्षों में दस बेड की व्यवस्था की गई थी। इसमें उपकरण व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं थीं।
लेकिन, अब तक विभिन्न बीमारियों से ग्रसित अंतिम पड़ाव में पहुंच चुके असाध्य रोगियों को उपचार शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में हालत यह है कि अब आने वाले मरीजों को रेफर किया जा रहा है। अधिक दूरी के चलते मरीज वहां जाने तक से बच रहे हैं। ऐसे में असाध्य रोगियों को घरों में ही दर्द से कराहना पड़ रहा है। यही नहीं मेडिकल कॉलेज को भी दो वर्ष से अधिक समय बीत गया है। इसके बाद भी जिम्मेदार सुध तक नहीं ले रहे हैं।
-
मिलनी थीं ये सुविधाएं
पैलिएटिव वार्ड में लास्ट स्टेज पर पहुंच चुके कैंसर के मरीज, किडनी फेलियर, गंभीर लीवर की बीमारी सहित अन्य लाइलाज बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को भर्ती किया जाना था। इन मरीजों के साथ ही एक तीमारदार भी रुक सकता था। घरों में अकेले होने की स्थिति में अस्पताल कर्मी की ओर से मरीजों की देखरेख करने की सुविधा थी। तीमारदार को खाना भी निशुल्क दिया जाना था।
-
स्टॉफ को दी गई थी ट्रेनिंग
पैलिएटिव वार्ड के लिए बजट मिलने पर वार्ड को तैयार करवाया गया था। इसमें मरीजों को दर्द निवारक दवाइयां व इंजेक्शन समेत देखरेख आदि के लिए स्टॉफ को ट्रेनिंग दी गई थी। लेकिन, आठ वर्ष बाद भी सुविधा शुरू नहीं हो सकी है। हद तो तब हो गई, जब वर्तमान में वार्ड भी गायब हो गया है। ऐसे में योजना की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
-
पूर्व में जिला अस्पताल के द्वितीय तल पर पैलिएटिव वार्ड बनाया गया था। इसकी जानकारी की जाएगी। असाध्य रोगियों के उपचार के लिए पत्राचार किया जाएगा।
- डॉ. गजेंद्र सिंह, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज