ललितपुर। थाना जखौरा के अंतर्गत एक युवती ने थाना जखौरा में तैनात एक कांस्टेबल पर नशे में घर में घुसकर छेड़खानी के आरोप लगाते हुए थानाध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की है। बाद में कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया।
कस्बा क्षेत्र की एक बीस वर्षीय युवती ने थानाध्यक्ष जखौरा को शिकायत पत्र देकर बताया कि 11 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह अपने घर पर बैठी थी, तभी थाना जखौरा में तैनात एक कांस्टेबल शराब पीकर आया और उससे अश्लील बातें करने लगा। जब उसने विरोध किया और गंदी बातें करने से मना किया तो उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती ने थानाध्यक्ष से आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
----
मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी। फिलहाल कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
- प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।