बोर्ड परीक्षा : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में जांची जाएंगी उत्तर पुस्तिकाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा का समापन हो जाने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कराने की तैयारी में शिक्षा विभाग जुट गया है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 19 मार्च से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में शुरू होगा। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध रहेंगे। वहीं, उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 24 घंटे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी।
जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षा 49 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। 12 मार्च को बोर्ड की परीक्षा का समापन हुआ। परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का संकलन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज को बनाया गया। उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। यहां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। वहीं, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात है। परीक्षा समाप्त होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग मूल्यांकन करने की तैयारी में जुट गया है। 19 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
इसके लिए विभाग मूल्यांकन करने के लिए शिक्षकों को नामित करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज में किया जाएगा। मूल्यांकन केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा सकुशल व नकलविहीन संपन्न होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। मूल्यांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी।