ललितपुर। नगर में चलाया गया स्वच्छता अभियान गणतंत्र दिवस के मौके पर मुंह चिढ़ा रहा है। स्थिति यह है कि नालियां चोक हैं और उनके पास कचरा के ढेर लगे हैं। ऐसे में अभियान के प्रति गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर साफ-सफाई रहे, इसके लिए शासन ने 22 से 26 जनवरी तक पांच दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इस अभियान के तहत नगर पालिका को सार्वजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और शहर की साफ-सफाई के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
साथ ही भारत सरकार द्वारा संचालित स्वच्छ भारत मिशन योजना के बारे में जागरूकता अभियान चलाना था। इस दौरान नागरिकों को शौचालय निर्माण, अपने मुहल्लों को साफ और स्वच्छ रखने के लिए जागरूक करना था।
नगर पालिका ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू होने के पहले दिन सफाई कर्मियों से वार्ड नंबर 11 के मुहल्ला रावतयाना में स्थित श्री ललितेश्वरी माताजी के मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया था। इसके बाद कहीं पर भी यह अभियान नजर नहीं आया।
स्टेशन मार्ग पर लगे गंदगी के ढेर
रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क के किनारे गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी से परेशान दुकानदारों ने बताया कि चार-पांच दिन पूर्व नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने नालियों की सफाई की थी।
उस दौरान नालियों की गंदगी निकालकर सड़कों के किनारे व दुकानों के सामने ढेर लगा दिया, लेकिन उन ढेरों को हटाया नहीं गया। गंदगी और दुर्गंध के कारण दुकानदारों का दुकान में बैठना मुश्किल हो रहा है। राहगीरों को भी दिक्कत हो रही है। बीजेपी के नगर उपाध्यक्ष किंजल हुंडैत व दुकानदारों ने गंदगी के ढेर उठवाने की मांग की है।
चौराहों पर चला सफाई अभियान
गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में स्थित विभिन्न महापुुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसे देखते हुए सोमवार को नगर पालिका के सफाई कर्मियों द्वारा शहर के वर्णी कालेज चौराहा, तुवन चौराहा, कचहरी चौराहा, पुलिस लाइन ग्राउंड, वीर सावरकर चौक, घंटाघर परिसर, सदरकांटा, जेल चौराहा, अंबेडकर पार्क तक मुख्य सड़कों पर विशेष सफाई अभियान चलाया।