ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने शनिवार को सुपर मार्केट से रेलवे स्टेशन तक अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। जिसमें अतिक्रमण किए पक्के निर्माण ढहाए गए। साथ ही अतिक्रमण की सीमा में रखे पत्थर व चबूतरों को भी तोड़कर सफाई कराई गई। कई अतिक्रमणकारियों ने टीम को देखकर स्वयं ही कब्जा हटा लिया।
शहर के सुपर मार्केट से रेलवे स्टेशन तक कई स्थानों पर अतिक्रमण शेष बचा हुआ था। वहीं, कुछ लोग अन्य निर्माण कार्य करने की तैयारियां कर रहे थे। कई स्थानों पर चबूतरा या दुकानों के बाहर सीढ़ीनुमा निर्माण कार्य कराया गया था। यही नहीं कुछ स्थानों पर नगर पालिका ने समय देकर छोड़ दिया था। तय समय के बाद न हटाने पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।
शनिवार को नगर पालिका प्रशासन ने सुपर मार्केट में कंपनीबाग की चहारदीवारी के पास हुए अतिक्रमण को जेसीबी से ढहा दिया गया। इसके साथ ही सामने पालिका के सार्वजनिक शौचालय के बाहर भी अतिक्रमण था। इसे भी हटा दिया।