संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका ने पुरानी तहसील से तुवन चौराहा तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। जेसीबी से सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया गया तो पक्के अतिक्रमण की नाप कर चिह्नित किया गया। टीम को देखकर अतिक्रमणकारी सकते में आ गए।
शहर में तहसील चौराहा पर कई जगह सड़क किनारे तक अतिक्रमण है। मंगलवार को अधिशासी अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। पेट्रोल पंप के बगल में लगे स्टील गेट को जेसीबी से तोड़ा गया। आगे सड़क किनारे लगी दुकानों को भी हटवाया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर दुकानों की नाप की गई। इस ओर दुकानदारों को दुकान के बाहर सामान लगाने पर रोक लगाई।
अधिशासी अधिकारी ने दुकानदारों से कहा कि दुकानों के बाहर सामान न रखें। उन्होंने बताया कि चिह्नीकरण किया गया है, जल्द ही अभियान चलाकर ढहाया जाएगा।