जड़ी- बूटी गोदाम को सील करते वन विभाग के अधिकारी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। वन रेंज ललितपुर अंतर्गत कैलगुवां चौराहे के पास जड़ी-बूटी का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। वन कर्मियों ने गोदाम को सील कर केस काट दिया है। जनपद के जंगलों में जड़ी-बूटी बड़ी मात्रा में पाई जाती है। ललितपुर, मड़ावरा व गौना रेंज से जड़ी-बूटी लाकर जनपद मुख्यालय में कारोबारियों को बेची जाती है। कई कारोबारियों ने जगह-जगह गोदाम बना रखे हैं, जिनकी सूचना वन विभाग के पास भी नहीं है। तमाम लोग जड़ी-बूटी को चोरी छिप लाते हैं। इस धंधे में बड़ा मुनाफा होने से कई लोग इसमें उतर आए हैं।
मंगलवार को डीएफओ को किसी ने कैलगुवां चौराहे हाइवे किनारे एक अवैध दुकान व गोदाम संचालित होने की सूचना दी गई। उन्होंने ललितपुर वन रेंजर राजेंद्र सिंह को छापेमारी करने का आदेश दिया। रेंजर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे तो गोदाम में करीब सौ क्विंटल जड़ी- बूटी विभिन्न प्रजाति की पाई गई। इसमें अर्जुन की छाल, जामुन की छाल, बेल गूदा आदि शामिल है। गोदाम मालिक से जड़ी- बूटी के संबंध में कागजात मांगे गए, लेकिन वह उनके समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर गोदाम को सील करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद इलाइट चौराहा निवासी नरेंद्र राठौर के खिलाफ अवैध भंडारण करने के मामले में भारतीय वन अधिनियम की धारा 77 के तहत केस काट दिया। इसे बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। इससे कई अन्य जड़ी- बूटी कारोबारियों ने शहर में रखी अपनी जड़ी - बूटी को अन्य जगह ले जाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। छापामार दल में डिप्टी रेंजर अनूप श्रीवास्तव, वन रक्षक उमराव व पुलिस कर्मी साथ रहे।