ललितपुर। प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव के दौरे के मद्देनजर विद्युत विभाग ने लोहिया ग्रामों में विद्युतीकरण सुचारु करने के लिए सोमवार को ब्लाक बिरधा के ग्राम गदनपुर में विद्युत शिविर लगाया। इसमें जर्जर हाईटेंशन और एलटी लाइनों को बदला गया। साथ ही अवैध रूप से संचालित हो रहे तीन दर्जन से अधिक विद्युत संयोजनों को काट दिया गया।
बिरधा स्थित 33 केवी सब स्टेशन में स्थापित नाराहट फीडर के माध्यम से लोहिया ग्राम गदनपुर को विद्युत आपूर्ति प्रदान की जाती है। यहां काफी दिनों से जर्जर विद्युत तारों के कारण विद्युत आपूर्ति में बाधा और बड़ी मात्रा में अवैध संयोजनों की शिकायत मिल रही थी। साथ ही पांच फरवरी को प्रमुख सचिव का भी जनपद दौरा होने के कारण जिला प्रशासन द्वारा लगातार लोहिया ग्रामों की स्थिति पर नजर रखी जा रही थी। स्वयं डीएम व एसडीएम भी गांव-गांव जाकर व्यवस्थाएं चौकस करने में लगे हुए थे। इसी के तहत विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी द्वितीय प्रेमचंद ने सोमवार को ग्राम गदनपुर में जाकर विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और महीनों से खराब पड़ी जर्जर हाईटेंशन व एलटी लाइनों को बदलवाया। उन्होंने शिविर भी लगाया और ग्रामीणों को अवैैध रुप से संयोजन हटाकर विभागीय विद्युत संयोजन लेने के लिए प्रेरित किया।
हालांकि, ग्रामीणों ने फसल कटने के बाद ही संयोजन लेने के लिए हामी भरी। वहीं, उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में अवर अभियंता रमेश कुशवाहा और विभात सोनी की विद्युत टीम ने गांव में रखी 10-10 केवीए की दस ट्रांसफार्मर (डीपी) पर 40 से 45 संयोजन अवैध रुप से संचालित होते पाए। उपखंड अधिकारी के निर्देश पर सभी डीपी से अवैध संयोजनों को काट दिया गया। बताया गया कि ग्राम गदनपुर में मात्र 22 लोग ही विभाग से संयोजन लिए हैं, जबकि बाकी उपभोक्ता अवैैध रुप से कटिया डालकर विद्युत का उपभोग कर रहे हैं।