अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। विद्युत विभाग के अधिकारी सिस्टम सुधारने का भले ही दावा कर रहे हों, लेकिन हकीकत यह है कि एक हफ्ते से भीषण गर्मी पड़ते ही व्यवस्था चरमराने लगी है। कहींं ट्रांसफॉर्मर फुंक रहे तो कहीं तार टूटने से सप्लाई बाधित हो रही है। शहर के अधिकांश मोहल्लों में ट्रिपिंग विभागीय अफसरों के दावों की पोल खोल रही है। रविवार को बिजली संकट से करीब 50 हजार की आबादी परेशान रही।
रविवार को फीडर एक व तीन से जुडे़ दर्जनों मोहल्लों की बिजली दोपहर 12 बजे से गुल हो गई। विभागीय अधिकारी बताते रहे कि मरम्मत का काम चल रहा है, दो घंटे में सप्लाई बहाल हो जाएगी, लेकिन शाम सवा छह बजे तक आपूर्ति चालू हो सकी। उमस भरी गर्मी में सारे दिन लोग परेशान रहे। आजादपुरा में एक दर्जन से अधिक मकानों की सप्लाई रात आठ बजे तक बहाल नहीं हो सकी। नईबस्ती में चंडी मंदिर, नेशनल कान्वेंट स्कूल के पास वाली बस्ती में शनिवार सुबह से रविवार शाम तक लाइट न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नई बस्ती निवासी सुनील चौरसिया ने कहा कि गर्मी चरम पर है। घरों से निकलना कठिन है। बिजली की आपूर्ति भी बदतर है। सचिन श्रीवास्तव ने कहा कि बिजली की आपूर्ति बेहतर हो व निर्धारित आपूर्ति के घंटे सुनिश्चित हो तो गर्मी में दिक्कत न हो, लेकिन स्थिति यह है कि गर्मी के साथ ही बिजली भी परेशान कर रही है। जगदीश शर्मा ने कहा कि इस भीषण गर्मी में बिजली की आवाजाही बनी रहती है। लगातार बिजली नहीं मिलने से लोग गर्मी से परेशान हैं।