ललितपुर। डीएम ने गत वर्ष के समग्र ग्रामों के संतृप्त नहीं होने पर नाराजी जाहिर करते हुए अवशेष कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा करते हुए डीएम जुहेर बिन सगीर ने सबसे पहले वर्ष 2013-14 में कराए गए संपर्क मार्गों की स्थिति जानी। उन्होंने पाया कि लोक निर्माण विभाग ने एक मार्ग का काम पूर्ण नहीं किया है। इसी प्रकार वर्ष 2014-15 के नौ गांवों में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। सोलर लाइट लगाने की भी स्थिति ठीक नहीं मिली। उन्होंने 19 जुलाई तक आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिशासी अभियंता से रिबोर हैंडपंप की रिपोर्ट तलब की।
उन्होंने ग्रामों में बनाए जा रहे तालाबों की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मनरेगा, कौशल विकास, मृदा परीक्षण, पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति, समाजवादी पेंशन, कामधेनु योजना, मिनी कामधेनु योजना, पौधारोपण, पंजीयन आदि की समीक्षा की। बैठक में सीएमओ डा. सतेंद्र कुमार, डीएफओ वीके जैन, डीडीओ देवेंद्र प्रताप, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुरेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।
स्कूलों में रोपित होंगे छह हजार पौधे
जिलाधिकारी ने बीएसए को छह हजार पौधे विद्यालयों में रोपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों के प्रबंधकों को पौध खरीद कर रोपण करना होगा।
पेंशन की धीमी गति से नाराजी
वृद्धावस्था पेंशन व समाजवादी पेंशन की धीमी प्रगति से डीएम नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के अपूर्ण कार्य पर क्यों न प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी जाए।