बिजली विभाग द्वारा सोमवार को सब स्टेशनों की खराब हो चुकी वीसीबी मशीनों के नए पैनल बदलने का कार्य किया गया। इस कारण आधे शहर समेत दो सैकड़ा गांव की बिजली दिन भर ठप रही। सरकारी ऑफिसों में काम-काज भी प्रभावित रहा।
गल्ला मंडी स्थित 66 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित देवगढ़, राजघाट व चंदेरा फीडर को आपूर्ति करने वाले इनकमिंग फीडर नंबर दो के पैनल खराब हो गए थे। इसके चलते अधिशासी अभियंता गौरव कुमार के नेतृत्व में सोमवार को सुबह दस बजे से पैनल बदलने का कार्य किया गया। वहीं नझाई बाजार स्थित सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर दो को बाईपास स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन में शिफ्ट करने का कार्य किया गया। इस कारण शहर के फीडर नंबर एक, तीन, पिसनारी, गोविंदनगर, राजघाट, देवगढ़ व चंदेरा फीडरों के अंतर्गत आधे शहर की बिजली ठप रही। इसके अलावा देवगढ़ व राजघाट की ओर के करीब 85 गांव एवं कल्यानपुरा, नदनवारा, मसौरा, खितवांस व निवाई फीडरों के तहत करीब सवा सौ गांव की बिजली भी दिन भर ठप रही। दिन भर बिजली ठप रहने से कई सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा। यहां तक मंडी में दिन भर बिजली नहीं आने से ऑन लाइन कार्य भी प्रभावित रहा। बिजली के अभाव में कूलर पंखे व एसी शोपीस बने रहे।
आज बंद रहेगी बिरधा, पाली के सैकड़ों गांव की बिजली
ललितपुर। रौंड़ा हाइडिल से बिरधा व पाली स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन को जाने वाली विद्युत केबल रविवार की सुबह टीकमगढ़ रेल लाइन के पास बर्स्ट हो गई थी। इसके चलते रविवार को बिरधा व पाली के करीब डेढ़ सौ गांव की बिजली पांच घंटे तक बाधित रही थी। जानकारी मिलने पर विद्युत अधिकारियों द्वारा बिरधा और पाली की 33 केवी लाइन को बाईपास स्थित सब स्टेशन की 33 केवी लाइन से जोड़कर चार्ज किया गया। बिरधा व पाली सब स्टेशन के फीडरों को बिजली आपूर्ति दी गई। लेकिन एक ही लाइन से तीन सब स्टेशन जोड़कर आपूर्ति करने से ओवरलोड की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके चलते रविवार से सोमवार तक नाराहट फीडर के ग्राम डोंगराखुर्द, पटना, पारौल, देवरी, बरेजा, अर्जुन खिरिया, गुरयाना, दिगवार, बरौदिया, धौलपुरा, गदौरा, गुढ़ा, खिरिया, चांदौरा आदि क्षेत्रों की बिजली दो दिन से ठप है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता रमेश कुशवाहा ने बताया कि उक्त बर्स्ट केबल को मंगलवार को बदलने का कार्य विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके चलते बिरधा व पाली विद्युत सब स्टेशन की बिजली मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक बंद रहेगी।
गलत बिल समाप्त करने की मांग
ललितपुर। बिरधा विद्युत सब स्टेशन में स्थापित नाराहट फीडर के अंतर्गत ग्राम बरेजा निवासी आधा दर्जन ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री उमा भारती को भेजे ज्ञापन में नलकूप कनेक्शनों के गलत बिल देने की शिकायत की है। बताया गया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व गांव में नलकूप संयोजन लिए थे जिसके लिए नियमत: थ्री फेस की विद्युत लाइन होनी चाहिए। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को कनेक्शन तो जारी कर दिए गए, लेकिन आज तक गांव में थ्री फेस लाइन नहीं है यानी गांव में टू फेस ही लाइन है, जिससे नलकूप का संचालन संभव नहीं है। उपभोक्ताओं द्वारा नलकूप विद्युत संयोजन का उपभोग नहीं किया गया। इसके बाद भी विभाग द्वारा उन्हें उक्त नलकूप संयोजनों पर बिल जारी कर दिया है। ग्रामीणों ने बिना बिजली उपभोग के अवैध रुप से दिया गया नलकूप संयोजनों का बिल माफ करने की मांग की है। ज्ञापन पर गुलाब सिंह, रंजीत सिंह, जुगराज सिंह, लाखन सिंह, हनुमत सिंह, हल्की बहू, चरन सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।