संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले जिला अस्पताल में बिजली ने दगा देना प्रारंभ कर दिया है। बृहस्पतिवार को दोपहर में बिजली गुल होने से एनसीडी समेत ओपीडी में अंधेरा छा गया। चिकित्सकों ने टार्च की रोशन में उपचार किया।
जिला अस्पताल में लंबे समय से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है। पूर्व में भी व्यवस्था ठीक न होने से दो बार पैथोलॉजी की मशीन खराब हो चुकी है। सीटी स्कैन मशीन तो जल्द ठीक हो गई थी, लेकिन डिजिटल एक्सरे मशीन एक वर्ष बाद भी ठीक नहीं हो पाई है। बृहस्पतिवार दोपहर में 12 बजकर 35 मिनट पर बिजली गुल हो गई। अस्पताल के एनसीडी सेल व सामने की गैलरी में अंधेरा छा गया। कुछ देर इंतजार किया, बिजली न आने पर चिकित्सकों ने टॉर्च की रोशनी में मरीजों को देखना शुरू किया। एनसीडी सेल में शुगर, ब्लड व ईसीजी कक्ष में दो-दो मोबाइल जलाकर लैब टेक्नीशियन जांच करते नजर आए। अन्य चिकित्सकों की ओपीडी कक्ष का भी यही हाल रहा। कुछ चिकित्सक ओपीडी के बाहर आए और बिजली आने का इंतजार किया। इस दौरान न इनवर्टर से सप्लाई मिली और न ही जनरेटर चलाया गया, इससे मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 20 मिनट बाद सप्लाई आने पर राहत मिली।
-
बिजली का अधिक लोड होने से एमसीवी ट्रिप हो गई, इससे बिजली गुल हो गई। कुछ ही देर में जनरेटर चालू होने पर बिजली सप्लाई चालू कर दी गई थी।- डाॅ. राजेंद्र प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल