ललितपुर। शहरी क्षेत्र में बिजली बिलों में भारी गड़बड़ियां मिलने की आ रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए बिजली के बिलों में गड़बड़ी करने पर विभाग ने बिल बनाने वाली कंपनी पर प्रत्येक बिल पर सौ रुपये के हिसाब से मीटर रीडरों पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जनपद के शहरी क्षेत्र में 26 हजार घरेलू, 3500 कॉमर्शियल, 90 चक्की और पावर के कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं द्वारा बिजली का उपयोग किया जा रहा है। प्राइवेट कंपनी के माध्यम से 14 मीटर रीडरों द्वारा बिजली मीटरों से रीडिंग लेकर बिजली के बिल बनाने का कार्य किया जा रहा है। मीटर रीडर घर-घर जाकर विद्युत मीटरों की रीडिंग के हिसाब से बिल बनाकर उपभोक्ताओं को देते हैं। उपभोक्ता बिल में आई रीडिंग के हिसाब से धनराशि का भुगतान करता है।
उपखंड अधिकारी कार्यालय में तैनात अधिकारी के पास ऐसे तमाम बिलों में गड़बड़ियाें की मिल रही थी। इस पर विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर बिलों की रीडिंग का सत्यापन कराया जा रहा है। पिछले चार माह में विभाग द्वारा मीटरे रीडर द्वारा बनाए गए एक हजार से अधिक विद्युत बिलों की रीडिंग या तो गलत पाई गई या फिर एक ही उपभोक्ता के दो बिल एक साथ बना दिए गए। इसके कारण उपभोक्ताओं को बिल सुधरवाने के लिए महीनों तक विभाग के चक्कर लगाने पड़े।
उपभोक्ताआें की शिकायतों का विभाग ने गंभीरता से लेते हुए मीटरों में फरवरी से मई माह तक करीब पौने पांच हजार बिलों में गड़बड़ी पाए जाने पर पौने पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
हालांकि, कंपनी अधिकारी एक अधिकारी केअनुसार विभाग द्वारा पूर्व में जुर्माना लगाने के बाद भी बहुत से ऐसे बिलों को शामिल कर दिया गया है। इससे यह राशि काफी अधिक हो गई है। वजह कोई हो, परेशान तो उपभोक्ताओं को ही भुगतना पड़ रहा है।
गलत रीडिंग का बिल बनने से उपभोक्ता परेशान
ललितपुर। मीटरों रीडरों द्वारा गलत बिल बनाए जाने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गत दिवस मुहल्ला नई बस्ती निवासी एक उपभोक्ता का बिल पिछले माह में आई रीडिंग से कम रीडिंग का बना दिया गया, जिससे अब उसे बिजली विभाग के चक्कर लगाना पड़ रहा है। विभाग में आए दिन बिल में गड़बड़ी की शिकायतें काफी बढ़ी संख्या में आती है।