ललितपुर। घरेलू व किसान बिजली उपभोक्ताओं के लिए जारी की गई आसान किस्त योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए बिजली विभाग की टीमें अब घर-घर पहुंचकर पंजीयन कराने के लिए लोंगों का प्रोत्साहित करेंगी। वसूली भी करेंगी। पंजीयन नहीं होने की दशा में बकाएदारों के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। मार्च के अंत तक ही पंजीयन कराए जाने हैं। अबकी बार पंजीयन की तारीख आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में विद्युत टीमों द्वारा अप्रैल से सघन बिजली चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
जिले में बिजली बकाएदार उपभोक्ताओं पर करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये की बिजली की बकाएदारी चल रही है। इससे निपटने के लिए विभाग द्वारा शासन के निर्देश पर शहर व ग्रामीण घरेलू श्रेणी के चार किलोवाट क्षमता तक के उपभोक्ताओं के लिए आसान किस्त योजना व किसान उपभोक्ताओं को किसान आसान किस्त योजना शुरु की गई, जिसने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। विभाग का अटका बकाया भी आने लगा है। इस योजना में अब तक घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं से विभाग द्वारा करीब चार करोड़ रुपये का बकाया वसूला है, जबकि किसान आसान किस्त योजना में विभाग ने ऐसे बकाएदार उपभोक्ताओं से लगभग एक करोड़ रुपये की बकाएदारी वसूल की है।
किसान आसान किस्त योजना में जिले को दस हजार रुपये से अधिक के बकाएदारों में 4,339 किसान उपभोक्ताओं के पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें अब तक लगभग डेढ़ हजार किसानों के पंजीकरण ही कराए जा सके हैं और इनसे अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की राजस्व वसूली की गई। किसान आसान किस्त योजना में ट्यूबवेल बकाएदार उपभोक्ताओं को बकाया का पांच फीसदी या कम से कम 1500 रुपये से पंजीकरण कराने पर छह आसान किस्तों में बिजली बकाएदारी का लाभ दिया जा रहा है।
वहीं, शहरी व ग्रामीण घरेेलू श्रेणी के चार किलोवाट तक के उपभोक्ताओं के लिए भी आसान किस्त योजना नबंवर माह में शुरु की गई थी, जिसमें शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को बकाएदारी का पांच प्रतिशत या 1500 रुपए से पंजीकरण कराने पर 12 आसान किस्तों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को 24 आसान किस्तों में वर्तमान बिल की धनराशि चुकाने के साथ ब्याज में सौ फीसदी छूट दी जा रही है। लेकिन, यह छूट मार्च के अंत तक के लिए ही है। तीन बार बढ़ाई गई घरेलू श्रेणी उपभोक्ताओं के लिए आसान किस्त योजना को अब और नहीं बढ़ाया जाएगा, इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट रुप से लक्ष्य पूरा करने के लिए आलाधिकारियों ने निर्देश दिए हैं। वहीं, ऐसे बकाएदारों से वसूली के लिए विद्युत विभाग द्वारा अप्रैल से चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में जनपद में मार्च के अंत और अप्रैल माह में वृहद स्तर पर चेकिंग व वसूली अभियान चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।
-----
आसान किस्त योजना मार्च के अंत तक ही संचालित होनी है। इसके बाद जिन बकाएदारों द्वारा योजना में पंजीयन नहीं कराए हैँ, उनके खिलाफ अभियान चलाकर विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
- आकाश सचान, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय।