ललितपुर। जनपद वासियों को 24 घंटे बिजली मिलने के अरमान को एक बार फिर से झटका लगा है। पनकी कंट्रोल द्वारा जनपद में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 12 दिनों तक के लिए बिजली कटौती का नया रोस्टर लागू किया है, जिसके तहत अब दोपहर व रात में चार घंटे बिजली कटौती की जाएगी।
विद्युत विभाग द्वारा जनपद में पनकी कंट्रोल के आदेश पर बिजली की उपलब्धता के आधार पर बिजली कटौती का रोस्टर लागू किया जाता है। इसके लिए हर माह पनकी कंट्रोल द्वारा बिजली कटौती के रोस्टर का समय निर्धारित किया जाता है। इसके बाद रोंड़ा हाइडिल के माध्यम से विद्युत सब स्टेशनों को निर्धारित कोड बताकर बिजली कटौती का रोस्टर लागू करने की सूचना दी जाती है। गत सात जून को पनकी कंट्रोल द्वारा जनपद में सुबह 10 से 12 और शाम को तीन बजे से पांच बजे तक चार घंटे की बिजली कटौती का रोस्टर लागूू किया था। लेकिन इसमें यह शर्त भी रखी गई थी कि बजाज पावर प्लांट से बिजली मिलने पर यह रोस्टर लागू नहीं होगा। यह रोस्टर सात जुलाई तक के लिए ही लागू किया गया था।
हालांकि बजाज पावर प्लांट से बिजली उत्पादन बंद होने पर उपभोक्ताओं को निर्धारित घोषित कटौती के अलावा इमर्जेंसी बिजली कटौती से भी जूझना पड़ा। लेकिन अब पनकी कंट्रोल ने जनपद में एक बार फिर से बिजली कटौती का नया रोस्टर लागू किया है, जिसके तहत अब शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक और रात्रि में 8 बजे से रात 10 बजे तक दो चरणों में कुल चार घंटे की बिजली कटौती का रोस्टर लागू किया है। यह रोस्टर पनकी कंट्रोल द्वारा नौ जुलाई से 21 जुलाई तक के लिए लागू किया गया है।