महरौनी के सौजना रोड से निकली जामनी नहर पर तिरछा हुआ विद्युत पोल
- फोटो : LALITPUR
महरौनी। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते नगर के अंदर और बाहर लगे कई पोल हादसों को आमंत्रण दे रहे है। इन पोलों को लेकर कई बार शिकायतें हो चुकी है, इसके बाद भी संबंधित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
सौजना रोड से निकली जामनी नहर पर विद्युत पोल जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। बारिश के समय इसमें करंट प्रवाहित होने से कई पशु इसकी चपेट में आ गए थे। आसपास के ग्रामीण सहित जखौरा गांव के लोग यही से गुजरते हैं। कृषक भी अपनी फसल देखने को अपने-अपने खेत पर जाते हैं। उन्हें इसी विद्युत पोल के समीप से निकलना पड़ता है। अगर इन विद्युत पोल को खड़े करने वाले ठेकेदार द्वारा गिट्टी सीमेंट पोल खड़ा करने में सामग्री डाली होती तो शायद यह पोल तिरछे और जर्जर हालत में नहीं होते। नहर के पास लगा यह पोल अगर गिर जाता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। आसपास के खेतों में करंट फैलने से किसी को भी चपेट में ले सकता है। जखौरा ग्रामवासियो का यही से सीधा मार्ग होने से यहां हर समय आवागमन होता रहता है। इसको लेकर लोगों की ओर से कई बार सूचना देने के बाद कोई समाधान नहीं किया जा रहा। खंभा झुकने से विद्युत तार भी ढीले पड़ गए। विधुत तार काफी जर्जर होने के कारण कभी भी दुर्घटना हो सकती है। आसपास के लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को पोल ठीक करने की शिकायत कर चुके है। शिकायत के बावजूद भी कई महीनों से संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। नगरवासियों ने जर्जर विद्युत पोलो को अतिशीघ्र बदलवाए जाने की मांग की है। जर्जर विद्युत पोल से कभी भी कोई भी दुर्घटना हो सकती है जिसको लेकर आसपास के लोगों में काफी आक्रोश भी है।