कैपेन - ट्रांसफार्मर ठीक करते कर्मचारी
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। कुछ दिनों से क्षेत्र में बिजली का संकट गहराने लगा है। आए दिन लाइन में फाल्ट हो जाते हैं। इससे नगर की पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। मंगलवार को भी भीषण गर्मी के मध्य लोगों का दोपहर बिना बिजली के गुजारा पड़ी।
कुछ दिनों से क्षेत्र में गर्मी अधिक पड़ रही है। बिजली की खपत बढ़ गई है और आपूर्ति भी बुरी तरह से गड़बड़ाने लगी है।
बिजली ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। आए दिन ट्रांसफार्मरों का फुंकना, उनमें खराबी आना, लाइनों में फाल्ट आना और तारों का गिरना शुरू हो गया है। सोमवार को बिजली घर में मेंटीनेंस के काम और बाद में सीएचसी के सामने रखा ट्रांसफार्मर के खराब होने के पूरे दिन लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। देर रात उन्हें दस बजे के बाद बिजली मिल सकी। बिजली का यही आलम मंगलवार को देखने को मिला। सुबह से ही बिजली के आने-जाने का शुरू हुआ क्रम दोपहर में पूरी तरह से ठप हो गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी में दोपहर गुजारना पड़ी। दोपहर बाद जब सीएचसी के सामने रखा ट्रांसफार्मर बदला गया। इसके बाद रात में बिजली के आने-जाने का क्रम जारी रहा। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
मंगलवार को ठप रही पानी की आपूर्ति
जल संस्थान मंगलवार को नगर की जनता को एक बूंद पानी भी उपलब्ध नहीं करा सका। जल संस्थान के कर्मचारियों ने बताया कि बिजली नहीं आने के कारण माताटीला से पानी की आपूर्ति ठप रही। इस कारण पानी की टंकी को नहीं भरा जा सका। नल नहीं आने के कारण पूरे दिन पानी लेने के लिए हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ जुटी रही।