ललितपुर। पिछले कई दिनों से बिजली की चल रही आंखमिचौनी से शहर की जलापूर्ति पटरी पर नहीं आ पा रही है। तीन दिनों से लोअर जोन के विभिन्न मोहल्लों में बमुश्किल पीने का पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है। वहीं, स्टार्टर जल जाने से अपर जोन की आपूर्ति मंगलवार को प्रभावित रहने की संभावना जताई जा रही है। विभागीय कर्मी इसकी मरम्मत में लगे हुए हैं।
पिछले एक सप्ताह से मौसम करवट ले रहा है। कभी खिली धूप तो कभी आसमान में बादल दिखने लगते हैं। इस दौरान तेज हवा के झोंके के साथ बूंदाबांदी भी होती है। इस दौरान बिजली अचानक गायब हो जाती है। सोमवार को भी बिजली का कई बार आना-जाना रहा। इस वजह से शहर की जलापूर्ति लड़खड़ा रही है। टंकियां पूरी क्षमता के साथ भर नहीं पा रही है, जिससे आपूर्ति का समय कम हो गया है। कहीं 15-20 मिनट तो कहीं पानी की बूंद भी नसीब नहीं हो पा रही है। इससे मोहल्ला चौबयाना, मऊठाना, पुरानी बजरिया, श्रद्धानंदपुरा, सरदारपुरा में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। मोहल्ला रैदासपुरा के लोगों को काफी दूर से पानी जुटाना पड़ रहा है। यहां के कई हैंडपंप खराब पड़े हैं। एक हैंडपंप की चैन टूट गई है, इससे लोग सरिया फंसाकर पानी खींचकर निकाल रहे हैं। वहीं, अपर जोन की आपूर्ति में लगा स्टार्टर अचानक जल गया है। इससे मंगलवार को जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।
कई दिनों से नल का पानी नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह से हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है। सुबह से ही हैंडपंप पर भीड़ लग जाती है। इससे अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। अब पड़ोसी के घर से पानी भर रहे हैं।-मुन्नी
गर्मी की शुरुआत होते ही जल स्तर काफी नीचे चला जाता है। ऐसे में कई हैंडपंप पानी भी नहीं देते हैं। ऐसे में काफी दूर से पानी जुटाना पड़ रहा है। इससे लोगों को बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।- शेवकुंवर
रात्रि में बिजली की अचानक कटौती हो गई, इससे टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पाई।
संजय निरंजन, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
नन्हीं बिटिया के साथ हैंडपंप पर पानी भरने जाती महिला- फोटो : LALITPUR