ललितपुर। विद्युत उपखंड महरौनी के सुनवाहा फीडर में विद्युत लाइन जर्जर होने के कारण आए दिन तार टूटते रहते हैं, इस कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पसीने पसीने होकर राते काटनी पड़ती हैं। ग्राम सुनवाहा का विद्युतीकरण तीन दशक पहले हुआ था। तब से लेकर अब तक लाइन की कोई मरम्मत नहीं हुई और न ही मेंटेनेंस का कार्य हुआ। इससे विद्युत लाइनें पूरी तरह से जर्जर हो चुकीं है। कई बार जर्जर लाइनों के तार टूटकर गिरने से पशुओं की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके विभाग लाइनों को बदलवाने का नाम नहीं ले रहा है।
गांव की बस्ती के अंदर बिजली की लाइन इतनी ज्यादा खराब हो चुकी है कि आए दिन तार गिरते रहते हैं। जिससे कई पशुओं की हानि हुई है। कई बार बस्ती में बच्चे और लोगों के साथ भी हादसा होने से टला है। लाइन नहीं बदली गई तो कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। गांव में जो तार टूटकर गिर जाते हैं, उसी टूटे तार को टुकड़ों में जोड़कर फिर से बांध दिया जाता है, जिससे वह आए दिन फाल्ट होते हैं और विद्युत सप्लाई बाधित रहती है, लोगों को अंधेरे में तो रहना ही पड़ता है साथ ही भीषम गर्मी में लोग सो भी नहीं पाते हैं।
ग्रामीणों ने कई बार उपकेंद्र महरौनी में इसकी शिकायत की और गांव के जागरूक लोगों ने ट्वीटर के माध्यम से भी शिकायत की। लेकिन, ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन मात्र ही मिलता रहा। इससे ग्रामीण भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि बरसात का मौसम आ रहा है और ऐसे में खतरा और बढ़ जाएगा। इसलिए बिजली लाइन का नवीनीकरण होना बहुत जरूरी है। नहीं तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
हमारे गांव में आए दिन तार टूटने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे गांव वाले बहुत परेशान हैं। एक बार तो विद्युत लाइन का तार टूटकर बगल में ही गिरा था। गनीमत रही कि विद्युत सप्लाई बंद थी। इसलिए घटना नहीं हुई , लेकिन जर्जर लाइन नहीं बदली गई तो भविष्य में कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। गर्मी के दिनों में आपूर्ति बाधित होने से लेोगों को रात के समय परेशानी होती है। - केशवदास बिरथरे
कई बार हमने इस समस्या की शिकायत विद्युत अधिकारियों के अलावा जन सुनवाई पोर्टल पर भी की है लेकिन, अभी तक का स्टेटस लंबित बता रहा है। मुझे लगता है कि विभाग किसी बड़ी घटना की राह देख रहा है। सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद खराब है। इस गर्मी में तो स्थिति और भी ज्यादा बुरी है। - ब्रजमोहन
विभाग को कई बार अवगत कराया, लेकिन कोई नहीं सुनता है। हम तो मजबूर हैं और किससे कहें। न रोड बन रहा, न लाइट सुधर रही, छोटे- छोटे बच्चे हैं जो गली में खेलते हैं। तार टूटने से अब डर भी बना रहता है, तो ऐसी गर्मी में कहां जाएं। विभाग को विद्युत जर्जर लाइन को बदलवाना चाहिए। - मोरलाल पाल
गांव में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से खराब है। आए दिन बिजली के तार टूटते हैं। जिससे हम लोग बहुत परेशान हैं। ऐसा लग रहा है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। हम गांव वालों ने विभागीय अधिकारियों को भी कई बार समस्या से अवगत कराया। लेकिन, विभाग हम ग्रामीणों की समस्या की ओर ध्यान ही नहीं दे रहा। - हरपाल सिंह परमार
ग्राम सुनवाहा की विद्युत लाइन पुरानी होने के कारण जर्जर हो चुकी है। थोड़ा समय जरूर लगेगा, लेकिन इसका एस्टीमेट बनवाकर लाइन बदलवा दी जाएगी। - सौरभ पटैरिया, विद्युत उपखंड अधिकारी महरौनी
ग्राम सुनवाहा में जर्जर पड़ीं विद्युत लाइनें- फोटो : LALITPUR