ललितपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में सभी चारों पदों के चुनाव एक साथ कराने से अस्सी फीसदी बूथों में तयशुदा समय तक मतदान खत्म नहीं हो सका। जनपद में करीब पचास बूथ ऐसे रहे जहां रात आठ बजे के बाद भी मतदान जारी रहा। ऐसे में देर रात तक पोलिंग पार्टियां मतपेटिका जमा कराने के लिए ब्लॉकों तक पहुंचती रहीं। 12 बजे के बाद भी ब्लॉकों में पोलिंग पार्टियों की लंबी कतार दिखाई पड़ रही थी। आधी रात को भी जल्दी बाजी में पहुंचने की वजह से तमाम मतदान कर्मियों के कागज भी ठीक तरीके से नहीं भरे गए थे। ऐसे में बीडीओ समेत दूसरे अफसर उनके खुद ही कागज भरते दिखाई दिए। आधी रात को लौटने के बाद मतदान कर्मियों को मतपेटिका जमा कराने के लिए कई घंटे तक कतार में खड़ा होना पड़ा। जखौरा, बार, महरौनी, मडावरा, तालबेहट समेत बिरधा में भी यही हाल दिखाई पड़ा। दिन भर मतदान कराने के बाद मतपेटिका जमा कराने में मतदान कर्मियों की बुरी दशा हो गई। उधर, मतदान खत्म होने के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में मतपेटिकाओं को ब्लॉकों में भिजवाने का काम शुरू कराया गया। कंट्रोल रूम से इस संबंध में सीधे निगरानी की जा रही थी।
पोलिंग पार्टियों संग उम्मीदवार भी पहुंचे
मतदान खत्म होने के बाद जैसे ही मतदान खत्म हुआ और पोलिंग पार्टियां रवाना होने को हुईं तमाम ग्राम प्रधान पद उम्मीदवार उनके पीछे चल दिए। उम्मीदवारों को पुलिस ने लौटाने की कोशिश की लेकिन, मतपेटिका बदल दिए जाने की आशंका जताते हुए उम्मीदवार वापस जाने को राजी नहीं हुए। महरौनी, बार एवं जखौरा ब्लॉक के कई पंचायतों के उम्मीदवार भी अपनी पोलिंग पार्टियों के साथ ब्लॉक पहुंचे। यहां आधी रात के बाद यह सभी डटे रहे।