ललितपुर। त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसमें एक अक्तूबर से पांच नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण करेंगे। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 29 दिसंबर को किया जाएगा।
अन्नावि दिनेश कुमार जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी (पं) ने बताया कि ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावली का समय सारणी के अनुसार वृहद पुनरीक्षण निर्धारित किया गया है। इस दौरान ग्राम पंचायत के आंशिक भाग के अन्य ग्राम पंचायत अथवा नगरीय निकाय में समाहित होने की स्थिति में विलोपन की कार्रवाई की जाएगी। बीएलओ और पर्यवेक्षकों को उनके कार्य क्षेत्र का आवंटन और संबंधित जानकारी देने के साथ स्टेशनरी आदि का वितरण, उपर्युक्त दोनो कार्यवाही अलग- अलग तथा समानांतर चलेगी। ऑनलाइन आवेदन की अवधि एक अक्तूबर 2020 से पांच नवंबर 2020 तक होगी। प्राप्त आवेदन पत्रों की घर - घर जाकर जांच करने की अवधि छह नवंबर से 12 नवंबर तक ड्राफ्ट नामावलियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपि तैयार करना 13 नवंबर से पांच दिसंबर तक, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन छह दिसंबर, ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण 06 दिसंबर से 12 दिसंबर तक, दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करना 06 दिसंबर से 12 दिसंबर तक, दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 13 दिसंबर से 19 दिसंबर तक होगा। जिनके निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की पांडुलिपियों को तैयार किया जाएगा। जिसका जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 29 दिसंबर तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। किसी भी परिस्थिति में समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।
आरोग्य सेतु करना होगा डाउनलोड
वैश्विक महामारी कोविड-19 के दृष्टिगत पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी अधिकारी/ कर्मचारी को अपने मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। कोई कार्मिक जब क्षेत्र में जाए तो फेस मास्क लगाना होगा। क्षेत्र में 02 गज की सामाजिक दूरी बनाए रखनी होगी। अनावश्यक भीड़ इकट्ठा नहीं की जाएगी और साथ में सैनिटाइजर का प्रयोग किया जाएगा।