ललितपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज सभागार में आयोजित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रशिक्षण में जिलाधिकारी डॉ. रुपेेश कुमार उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से काम करें। कर्मचारियों के लिए मड़ावरा व महरौनी जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। मतदान से 48 घंटे पूर्व सीमा के सभी बैरियरों को बंद कर दिया जाएगा। मोबाइल व बैरियर ड्यूूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सघनता से चेकिंग करेंगे। इस दौरान जिले के बाहर के वाशिंदों की पहचान कर उन्हें जिले से बाहर किया जाएगा। बैरियर व चेकपोस्टों पर आवाजाही की वीडियोग्राफी की जाएगी। उन्हीं वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी, जिनके पास वाहन पास होगा।
उन्होंने कहा कि मतदान के बाद केंद्र पर वोटरों की भीड़ किसी भी दशा में मंजूर नहीं की जाएगी। मतदान ड्यूटी में लगे अधिकारी व कर्मचारी किसी भी प्रत्याशी या उसके समर्थकों का आतिथ्य स्वीकार नहीं करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी निष्ठापूर्वक ड्यूटी करें। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें।
इस अवसर पर एडीएम एमके त्रिवेदी, एएसपी सुधा सिंह, सीडीओ अरुण कुमार उपाध्याय, एसडीएम महरौनी यशु रुस्तगी, एसडीएम अमिताभ यादव, जिला निर्वाचान अधिकारी अरुण कुमार आदि उपस्थित रहे।