संवाद न्यूज एजेंसी
जखौरा (ललितपुर)। सोसाइटी में रुपये जमा करने जा रहे 75 वर्षीय काशीराम के साथ बाइक सवार युवक ने परिचित बनकर धोखाधड़ी करते हुए 27,600 रुपये लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है।
कस्बा जखौरा के नदी मोहल्ला, बुडेरा रोड निवासी काशीराम ने बताया कि उन्होंने हाल ही में गेहूं बेचा था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह गेहूं बिक्री से प्राप्त 27,600 रुपये सोसाइटी में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान थाना परिसर के पीछे बाइक सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और स्वयं को परिचित बताते हुए बातचीत करने लगा। इसके बाद उसने उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि ग्राम गुलेंदा के पास सुनसान इलाके में बाइक सवार युवक ने वाहन रोककर उनके साथ मारपीट की और रुपये छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने परिजनों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी युवक काशीराम को बाइक पर बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।