ललितपुर। मोहल्ला वंशीपुरा अंतर्गत बसंत विहार कॉलोनी में चल रहे कारखाने की मशीनाें से बुजुर्ग व मरीज की दिक्कतें बढ़ गई हैं, जबकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कारखाने को बंद कराने व नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि बसंत विहार कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति अपने आवासीय मकान में खराद मशीन, कटर, ग्राइंडर और हाइड्रोलिक हैमर जैसी भारी मशीनें लगाकर वाहनों की मरम्मत का कार्य कर रहे हैं। आवासीय क्षेत्र में भारी मशीनों के संचालन से दिन भर तेज आवाज और शोरगुल होता रहता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि कारखाने से निकलने वाले लगातार तेज शोर के कारण छोटे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी तेज आवाज एवं प्रदूषण के चलते परेशानी हो रही है। आवासीय क्षेत्र में इस तरह भारी मशीनों का संचालन होने से कॉलोनी का शांत वातावरण प्रभावित हो गया है। आरोप है कि कारखाना संचालित करने के लिए संबंधित विभाग अथवा नगर पालिका परिषद से किसी प्रकार की अनुमति या लाइसेंस भी नहीं लिया गया है। पूर्व में उपजिलाधिकारी सदर द्वारा स्थलीय निरीक्षण भी किया जा चुका है और नगर पालिका परिषद को कारखाना बंद कराने के मौखिक निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कारखाने के बाहर दोपहिया वाहनों और बाहरी लोगों का लगातार जमावड़ा लगा रहता है। इससे कॉलोनी की महिलाओं, बच्चों और अन्य राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। आशंका जताई कि वाहनों और बाहरी व्यक्तियों की भीड़ के कारण भविष्य में विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर आवासीय क्षेत्र में संचालित कथित कारखाने को तत्काल बंद कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर साहिब सिंह पंथ, मोनू राजपूत, दीपक राठौर, राजेश शर्मा, निशा पुरोहित, अंतिमा पाठक, सोनू अंकित पस्तोर आदि के हस्ताक्षर हैं।