ललितपुर। मध्य प्रदेश में हो रही तेज बारिश से बेतवा नदी में पानी की आवक बढ़ने से राजघाट बांध के जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी। जलस्तर को निर्धारित करने के लिए बांध के आठ खोलकर 85,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बांध से छोड़े जा रहे पानी को लेकर सिंचाई विभाग ने निचले क्षेत्र के लोगों से नदी के आसपास न जाने की अपील की है।
पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश में हो रही रही भारी बारिश से बेतवा नदी पूरे उफान पर चल रही है। इस कारण बेतवा नदी पर बने राजघाट बांध में पानी की आवक बढ़ गई। इससे बांध के जलस्तर में इजाफा होने लगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बांध के गेट खाेलने के आदेश दिए। शुक्रवार सुबह राजघाट बांध के आठ गेट खोले गए। इसमें छह गेट ढाई-ढाई मीटर और दो गेट आधा-आधा मीटर तक खोलकर 85,834 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा। बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी होने से निचले क्षेत्र में बेतवा नदी उफान मारकर बहने लगी। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग ने नदी के आसपास वाले गांवों में अलर्ट जारी किया और लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की। साथ ही राजघाट से मध्य प्रदेश के चंदेरी जाने वाले पुल के दोनों ओर सुरक्षा के लिए राजघाट चौकी के पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बांध का जलस्तर निर्धारित होने के बाद गेटों को बंद किया जाएगा।
11 घंटे बाद गोविंद सागर बांध के गेट बंद
गोविंद सागर बांध के अपस्ट्रीम में बृहस्पतिवार को तेज बारिश होने से बांध का जलस्तर बढ़ने लगा था। बृहस्पतिवार की देर रात को बांध के आठ गेट चार-चार फीट खोलकर चार हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा। शुक्रवार सुबह आठ बजे बांध का जलस्तर निर्धारित होने के बाद गेट बंद कर दिए गए।