ललितपुर। मध्य प्रदेश में हो रही झमाझम बारिश से बेतवा नदी उफान मारकर बहने लगी और राजघाट बांध में पानी की आवक बढ़ गई। बांध का जलस्तर निर्धारित करने के लिए बुधवार को गेट खोलकर 54 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। गेट खोले जाने से पूर्व निचले क्षेत्र में सिंचाई विभाग ने अलर्ट जारी किया।
जोरदार बारिश से बेतवा नदी उफान पर है, इससे राजघाट बांध में पानी की आवक बढ़ गई। पिछले दो-तीन दिनों से राजघाट बांध के कैचमेंट एरिया में भी झमाझम बारिश हुई, इससे नदी-नालों के जरिए पानी राजघाट बांध में पहुंचने लगा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बांध का जलस्तर निर्धारित करने के लिए आठ गेटों को एक-एक मीटर खुलवाकर 54 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाना शुरू किया। गेट खोले जाने से पूर्व सिंचाई विभाग ने लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण ललितपुर-चंदेरी मार्ग पर बने पुल से पानी नीचे बना हुआ है और यातायात सुचारू है। चौकी राजघाट पुलिस ललितपुर-चंदेरी पुल के समीप तैनात है। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारी बांध के जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं। राजघाट निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता शैलेष कुमार ने बताया कि बांध में पानी की आवक बढ़ने से गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर निर्धारित होने पर गेटों को बंद कर दिया जाएगा। बांध के गेट खोले जाने से पूर्व निचले इलाकों में अलर्ट घोषित किया गया। लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की है।
00000000
माताटीला बांध के बीस गेट खोलकर निकाला जा रहा है पानी
सुकुवा ढुकुवा बांध से भी हुई पानी की निकासी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, विदिशा सहित क्षेत्र में हुई बारिश का प्रभाव क्षेत्र के नदी, नालों, तालाबों के अलावा बांधों पर भी नजर आने लगा है। बुधवार को सुबह से ही माताटीला बांध के 20 गेटों को दो फीट की ऊंचाई तक खोलकर लगभग 52 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। सीजन में पहली बार बांध के गेट खुलने की खबर के बाद सुबह से ही सैलानियों का बांध पर पहुंचना प्रारंभ हो गया था।
मध्य प्रदेश के भोपाल एवं विदिशा जनपद में हो रही बारिश के चलते क्षेत्र की प्रमुख नदी में सुमार बेतवा नदी में पानी का जल स्तर बढ़ गया है। राजघाट बांध से पानी की निकासी के बाद माताटीला बांध में भी पानी का स्तर बनाए रखने के लिए बांध के 20 गेटों को दो फीट खोल कर लगभग 52 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई।
वही माताटीला बांध से पानी की निकासी के चलते सुकुवा ढुकुवा बांध में भी पानी का स्तर बढ़ जाने से पानी की निकासी शुरू हो गई। जिसके चलते पूराविरधा से बबीना का रास्ता बंद हो गया। वही बांध से गिरते पानी को देखने के लिए झांसी, ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग जुटें।
00000
कुओं में भी बढ़ गया पानी का स्तर
पिछले चौबीस घंटे से क्षेत्र में हो रही बारिश का असर अब क्षेत्र के कुओं पर नजर आने लगा है। जिसके चलते क्षेत्र के तालाबों एवं कुओं में पानी का स्तर बढ़ गया है। वही बारिश से कई जगह जल भराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।