ललितपुर। लॉकडाउन के दौरान साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने एडवाइजरी जारी कर जनता को जरूरी टिप्स दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल फोन पर किसी भी अनजान व्यक्तियों द्वारा दिए गए प्रलोभन के लालच में न आएं। रुपये या कूपन प्राप्त करने के लिए किसी लिंक पर क्लिक न करें। अनजान फोन कॉल, एसएमएस पर भरोसा न करें। बैंक खाते या अन्य किसी ई-वॉलेट की केवाईसी अपडेट के लिए प्राप्त मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें। फेसबुक मैसेंजर पर परिचित द्वारा रुपये मांगने पर रुपये न दें।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के चलते वाहनों के आने-जाने पर प्रतिबंध है, ऐसे में साइबर अपराधी वाहनों के पास दिलाने नाम पर पैसा अपने खाते में डलवा रहे हैं। इससे बचने के लिए सरकारी कार्यालय जाकर ही वाहन पास, व्यक्तिगत पास बनवाएं । उन्होंने राशन वितरण व बेरोजगारी भत्ते के पंजीकरण के नाम पर भी ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत सरकार द्वारा आम जनता को मुफ्त राशन वितरण व मजदूरों को बेरोजगारी भत्ते दिए जाने का ऐलान किया गया है, जिस पर साइबर अपराधी कई फर्जी तरीके की वेबसाइट बनाकर लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है एवं फीस के नाम पर ठगी भी कर रहे हैं, ऐसी स्थिति में सुरक्षित वेबसाइट की जानकारी करके ही रजिस्ट्रेशन करें या संबंधित केंद्र पर जाकर जानकारी लें। उन्होंने बताया कि आजकल जनमानस के मोबाइल नंबरों पर प्रोमोकोड, रिवार्ड प्वाइंट प्राप्त करने एवं वॉलेट व खाते में मौजूद रिवार्ड प्वाइंट को पैसे में कंवर्ट करने का लालच देने वाले मैसेज का प्रसारित किया जा रहा है ऐसे में बचाव के लिए याद रखें कि किसी भी लिंक पर क्लिक कर कोई एप्लीकेशन अपने मोबाइल में इंस्टॉल करने एवं कोई भी धनराशि के स्थानांतरण से बचें। ईएमआई में छूट के नाम पर ठगी से बचाव के लिए किसी भी लिंक या मैसेज पर क्लिक नहीं करना है एवं इस प्रकार की घटनाओं के प्रति सजग, सावधान व सतर्क रहें।