ललितपुर। बिजली विभाग द्वारा शनिवार को नगर क्षेत्र और जखौरा के ग्राम कल्यानपुरा में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कल्यानपुरा में 10 और नगर क्षेत्र में 12 लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
जखौरा विद्युत सब स्टेशन में तैनात अवर अभियंता रामबहादुर और उनकी टीम ने शनिवार को जखौरा अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा में बिजली चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें पूर्व में विद्युत बकाएदारी पर काटे गए 10 लोगों के विद्युत कनेक्शन बिना भुगतान किए जुड़े पाए गए, इनमें ग्राम कल्यानपुरा निवासी प्रमोद कुमार, देवीलाल, श्रीपत कुशवाहा, संतोष परिहार, रतनलाल कुशवाहा, लक्ष्मन कुशवाहा, रामदेवी, दुर्गाप्रसाद, राजन और वृंदावन कुशवाहा के कनेक्शन बिना भुगतान के दोबारा जुड़े पाए जाने पर अवर अभियंता ने जखौरा थाने में विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए तहरीर सौंपी है। शहरी क्षेत्र में उपखंड अधिकारी आदर्श राज के नेतृत्व व अवर अभियंता पंकज मौर्य की टीम द्वारा विभिन्न मोहल्लों में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया, इनमें विभिन्न जगहों पर बारह उपभोक्ताओं को मीटरों से बाइपास कर अलग से केबल डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इनमें मोहल्ला बड़ापुरा निवासी शाहीन बानो, अय्यूब, मोमनपा खातून, जफर खान, झांसीपुरा निवासी जगपाल, शैलेंद्र अहिरवार, मीना देवी, रूपा अहिरवार, मुमताज, समीमा बानो, जमना प्रसाद, मीना देवी शामिल हैं। उपखंड अधिकारी ने कोतवाली पुलिस को बिजली चोरी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर सौंपी है।