- खरीफ फसल नष्ट होने से जिले का कृषक पर आया आर्थिक संकट हुआ दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खरीफ फसल के नुकसान होने पर कृषकों को फसल बीमा का लाभ दिलाया गया। जिलाधिकारी के अथक प्रयास के चलते जिले के 110416 कृषकों को लाभ दिया गया। किसानों को उड़द फसल के मध्यावस्था क्लेम के अंतर्गत कुल 60.34 करोड़ की धनराशि सीधे किसानों के खातों में भेजी गई।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने फसल बीमा दावों की निरंतर समीक्षा, संबंधित विभागों के साथ नियमित बैठकें तथा बीमा कंपनी के साथ प्रभावी समन्वय के फलस्वरूप संभव हो सकी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसानों को किसी भी परिस्थिति में अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े और पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से उनका हक मिलना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्वयं फसल बीमा दावों की प्रगति की बारीकी से मॉनिटरिंग की तथा लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया। उनके निर्देशन में कृषि विभाग एवं जिला कृषि अधिकारी राजीव भारतीय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रक्रिया को गति प्रदान की।