संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बाईपास उपकेंद्र पर स्थापित निवाई फीडर के अंतर्गत ग्राम कुमरौल में चार खंभों की हाईटेंशन लाइन टूट कर गिर गई। इससे 15 गांवों की बिजली तीन घंटे तक ठप रही। बिजली कर्मियों ने तार जोड़कर दोपहर डेढ़ बजे आपूर्ति सुचारु की। वहीं, आरएमवी कॉलेज के पास कॉलोनी में स्थापित ट्रांसफार्मर के ऊपर निकले तार का जंपर टूट गया, चिंगारी निकलने से ट्रांसफार्मर की केबल में आग लग गई, इससे कॉलोनी की बिजली ठप हो गई।
निवाई फीडर से 15 से अधिक गांवों को बिजली दी जाती है। बुधवार सुबह पौने 11 बजे ग्राम कुमरौल के पास किसी वाहन की टक्कर से हाईटेंशन लाइन के चार खंभे टूट गए। तार टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे निवाई फीडर की मशीन ट्रिप हो गई। विद्युत कर्मियों ने शटडाउन लेकर फाल्ट की खोज शुरू की। प ेट्रोलिंग के दौरान बिजली कर्मियों को जानकारी मिली कि ग्राम कुमरौल में तार टूटे हैं। लाइनमैन मौके पर पहुंचे तो देखा चार खंभों की हाईटेंशन लाइन टूटी पड़ी थी। कर्मचारियों ने चारों खंभों के तारों को जोड़कर दोपहर डेढ़ बजे के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु कराई। करीब तीन घंटे तक 15 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को परेशान होना पड़ा।
वहीं, बाईपास बिजलीघर के आगे आरएमवी कॉलेज के पास कांशीराम आवास कॉलोनी में सुबह नौ बजे ट्रांसफार्मर का जंपर टूट गया, इससे निकली चिंगारी से चबूतरे पर रखे ट्रांसफार्मर की केबल में आग लग गई। यह देख कॉलोनी के लोग बाहर निकल आए और बिजलीघर में इसकी सूचना दी। बिजली बंद होने के बाद आग बुझ गई। इससे कॉलोनी की आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर बाद ट्रांसफार्मर की केबल को बदला गया।