संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने उदयपुरा स्टेशन स्थित ललितपुर पावर जनरेशन की रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने उपकरणों को देखने के साथ स्टाफ से बात की। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां चल रहे निर्माण की प्रगति देखी और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
ललितपुर पावर जनरेशन कारपोरेशन साइडिंग के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रैक रिसीव एंड डिस्पैच यार्ड और क्रू रेस्ट रूम की सुविधाओं को देखा। द्वितीय चरण में साइडिंग के विकास पर प्लांट से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।