संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ब्लॉक महरौनी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने से तीन दिन से बाधित पेयजल आपूर्ति को रविवार से सुचारू किया गया। इससे 15 गांव की 25 हजार की आबादी को पानी मिलने लगा।
जमरार बांध से सौजना-गुढ़ा ग्राम समूह पेयजल परियोजाना संचालित हो रही है। इससे लगभग 15 गांव की 25 हजार से अधिक आबादी को पेयजल सप्लाई हो रही है। यहां पर 17 सितंबर को ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इससे पेयजल आपूर्ति ठप हो गई थी। ऐसे में लोगाें को हैंडपंप व अन्य संसाधनों से पानी जुटाना पड़ रहा था। लगातार तीन दिन तक आपूर्ति ठप होने से पानी के लिए हाहाकार मच गया था।
समस्या को लेकर अमर उजाला ने 21 सितंबर को पेज नंबर दो पर पेयजल संकट से जूझ रही 15 गांव की 25 हजार आबादी नामक शीर्षक के साथ समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बाद हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने आपूर्ति व्यवस्था दुरूस्त कराई। साथ ही रविवार की दोपहर से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया।