ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम जखौरा में नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर जान देने के मामले में मायके पक्ष ने बेटी के ससुरालियों पर दहेज की खातिर प्रताड़ित करने, मायके में आकर मारपीट कर अपमानित करने और पति की दूसरी शादी कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
थाना महरौनी के ग्राम जखौरा निवासी देवी सिंह ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायत पत्र देकर बताया कि उसकी पुत्री रूबी की शादी 23 मई 2020 को मध्य प्रदेश के छतरपुर के एक गांव में हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले पुत्री से 20 हजार रुपये की मांग करते थे और इसके लिए उसे शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करते थे। उसके साथ तीन-चार बार लात घूसों से मारपीट की गई। पुत्री द्वारा पिता को फोन पर पूरी बात बताई गई तो पिता उसे ससुराल से कुछ दिन पहले मायके ले आए। बीती 16 जनवरी को दोपहर तीन बजे उसकी पुत्री के ससुरालीजन ग्राम जखौरा आए और पुत्री से फिर 20 हजार रुपये मांगे। मना करने पर ससुराल वालों ने घर के अंदर घुसकर गालियां देते हुए उसके साथ लात घूसों से मारपीट कर दी और अपमानित किया। उसके चिल्लाने पर परिजन और मोहल्लेवासियों ने बीच बचाव किया। इस पर ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराने की धमकी देते हुए भाग गए। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसकी पुत्री ने उसी दिन शाम को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।