ललितपुर। प्राथमिक विद्यालय रजवारा अंग्रेजी माध्यम में कोविड टीकाकरण निगरानी समिति की बैठक में डोर टू डोर सर्वे कर लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।
सेक्टर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पटैरिया ने कोविड टीकाकरण को गति देने के उद्देश्य से बैठक में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों से कहा गया कि टीकाकरण को ज्यादा से ज्यादा कराने के लिए लोगों से संपर्क करना बेहद जरूरी है, इसके लिए सभी लोग आगे आएं। जिनमें कोरोना के मामूली लक्षण भी हैं, वह अपना टेस्ट कराएं एवं आशाओं से दवाई की किट प्राप्त करें। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं से कहा गया कि शाम को अपना होमवर्क तैयार कर लें और अगले दिन अलग-अलग मोहल्ले में कोविड-19 मरीज की जानकारी प्राप्त करें एवं लोगों के लिए टीकाकरण को प्रेरित करें। टीकाकरण ही सभी की सुरक्षा एवं सेहत का एक महत्वपूर्ण उपाय है। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने जानकारी दी कि अभी तक लगभग 350 व्यक्तियों का रजवारा में टीकाकरण हो चुका है। खंड शिक्षा अधिकारी ने टीकाकरण कार्यक्रम को और भी गति देने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधान प्रतिनिधि महेश राय, धर्म सिंह कुशवाहा, शिव नारायण, बबलेश राय, प्रधानाध्यापक नीलम जैन, एसएमसी सदस्य रश्मि, मीरा, संध्या ने आगे आते हुए कोरोना जागरूकता एवं कोविड-19 टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। अंत में नीलम जैन प्रधानाध्यापक रजवारा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया एवं जितेंद्र सहायक अध्यापक ने रिपोर्ट प्रस्तुत की।