ललितपुर। अपर निदेशक और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के निरीक्षण में उदासीनता उजागर होने पर सीएमओ ने एक डॉक्टर और एक एएनएम के वेतन रोकने की कार्रवाई की है। अपर निदेशक चिकित्सा और स्वास्थ्य झांसी मंडल डा. सविता दुबे ने 14 मई को सीएचसी बार में तैनात डा. पूजा गुप्ता से लोकेशन पूछी थी, लेकिन संतोषजनक उत्तर देने के बजाए उन्होंने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था।
इसी तरह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मुकेश चंद्र दुबे ने आंगनबाड़ी केंद्र ग्राम बंट का निरीक्षण किया था, जहां केंद्र बंद पाया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में एएनएम कभी-कभार ही दिखाई देती हैं। अपर निदेशक के निर्देश और एसीएमओ की आख्या पर सीएमओ डा. सत्येंद्र कुमार ने डा. पूजा दुबे का एक दिन का वेतन तथा एएनएम कमला का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश जारी कर दिए हैं।