संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भयमुक्त मतदान कराने को लेकर बृहस्पतिवार को पैरामिलिट्री फोर्स की एक कंपनी आई। देर शाम जिलाधिकारी व एसपी के नेतृत्व में पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल ने क्रिटिकल व संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया और लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के नेतृत्व में पैरामिलिट्री फोर्स के साथ फ्लैग मार्च और एरिया डॉमिनेशन किया गया। पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। फ्लैग मार्च कैलगुआ तिराहा, गोविंद नगर तिराहा, गोविंद नगर, नदीपुरा, आजाद चौक, सावरकर चौक, एचके टेलर तिराहा, तालाबपुरा, तुवन चौराहा, सदर कांटा, पानी की टंकी, अजीतपुरा, जेल चौराहा, घुसयाना, सदन शाह चौराहा, वर्णी चौराहा और रेलवे स्टेशन पर किया गया। मतदान केंद्र एवं क्षेत्र के लोगों से संवाद कर चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस, प्रशासन का सहयोग कर भय मुक्त मतदान करने की अपील की। आचार संहिता का उल्लंघन करने की सूचना चुनाव हेल्प लाइन नंबर 7839697416, डायल 112, संबंधित थाना, चौकी पर देने की बात कही। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण, क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय, केंद्रीय सशस्त्र बल के कंपनी कमांडर संजीव झा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शशिभूषण सिंह आदि मौजूद रहे।
एसडीएम-सीओ ने एमपी बॉर्डर पर चेकपोस्ट का किया निरीक्षण
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी महरौनी राजबहादुर व सीओ महरौनी अजय कुमार ने बाहर से आने वाली केंद्रीय पुलिस फोर्स के ठहरने के लिए बानपुर के जीवन शिल्प इंटर कॉलेज व डॉक्टर राम मनोहर लोहिया हाई स्कूल में सुविधाओं की जानकारी ली। कमरों, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद एसडीएम व सीओ ने यूपी-एमपी बॉर्डर पर बाणाघाट नदी पर बने चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक बानपुर विनोद कुमार मिश्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।