संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। इलाइट चौराहे के पास पाइपलाइन के लिए खोदी गई श्मशान घाट की सड़क दलदल में तब्दील होने के मामले को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को जिलाधिकारी ने जल निगम शहरी के अभियंता को सड़क की मरम्मत करने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है।
इलाइट चौराहे के पास श्मशान घाट वाली सड़क पाइपलाइन के लिए खोदी गई थी। पाइपलाइन डालने के महीनों बाद भी सड़क की स्थिति जर्जर और दलदल युक्त हो गई है। इसके चलते इस रास्ते पर अंतिम यात्रा भी कठिन हो गई है। बारिश होने पर यहां दलदल से होकर लोगों को अर्थी ले जाने में भी परेशानी हो रही है। कई बार तो अर्थी को कंधा लगाए लोग भी फिसल कर गिरते-गिरते बचे हैं। इसके चलते लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। जलनिगम के अधिकारियों को भी कई बार शिकायत के बाद भी यहां कोई न कोई काम होता रहता है, इससे यह श्मशान घाट जाने वाली सड़क जर्जर और दलदल हो चुकी है। 23 जुलाई को पेज दो पर ‘अंतिम सफर को जाने वाले रास्ते पड़ हैं बदहाल’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी ने इलाइट श्मशान घाट वाली सड़क को दो दिन में ठीक कराने के लिए जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। वहीं अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे के पास पिसनारी मोहल्ले में पुलिया के पास सड़क पर बड़े पत्थर पड़े होने और एक प्लाट से पाइपलाइन डालने से रोकने की बात सामने आई। इस पर उन्होंने ने जल निगम शहरी को निर्देश दिए कि लेखपालों से जमीन की नापजोख कराके प्लाट के संबंध में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।