ललितपुर। डीएम ने बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान 16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब कर दो दिन में जवाब मांगा है। बीएसए को भी दिशा-निर्देश दिए।
बीएसए कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के समय से कार्यालय न आने और मनमाने तरीके से आने-जाने की शिकायतें आए दिन डीएम के पास पहुंच रही थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए डीएम अक्षय त्रिपाठी और सीडीओ केके पांडेय बृहस्पतिवार की सुबह बीएसए कार्यालय पहुंच गए। कर्मचारी अपने-अपने पटल पर पहुंचकर रजिस्टर व्यवस्थित करने लगे। इसके बाद डीएम ने कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति देखी तो 16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डीएम ने बीएसए रणवीर सिंह से स्कूल चलो अभियान, विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति और प्रवेश के लिए चलाए जा रहे अभियान सहित शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब कर दो दिन में जवाब देने का आदेश दिया है।
यह कर्मचारी मिले अनुपस्थित
वरिष्ठ सहायक पंकज पाराशर, शिवम अग्निहोत्री, कनिष्ठ सहायक विनय त्रिपाठी, परिचारक सौरभ तिवारी, राजकुमार, मोहनलाल अनुपस्थित मिले। वहीं, सर्वशिक्षा अभियान कार्यालय में तैनात डीसी निर्माण जाहर सिंह, डीसी प्रशिक्षण योगेंद्र मिश्रा, डीसी बालिका संजय तिवारी, डीसी सामुदायिक सहभागिता प्रदीप श्रीवास्तव, स्टेनो अल्पना कुमारी, एमआईएस इंचार्ज अमित कुमार, सहायक लेखाकार अभिषेक सोनी, कंप्यूटर ऑपरेटर रतीराम कुशवाहा, वाहन चालक आशाराम और परिचारक राजकुमार अनुपस्थित पाए गए।
बीएसए कार्यालय के निरीक्षण में उपस्थिति रजिस्टर देखने पर 16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी कर्मचारियों से दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। - अक्षय त्रिपाठी, डीएम।