जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक में लापरवाही पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने कार्यों में लापरवाह अधिकारियों और चिकित्सकों के प्रति नाराजगी जताते हुए कार्यप्रणाली में सुधार करने को कहा। उन्होंने लापरवाह एमओआईसी के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के निर्देश सीएमओ को दिए। वह शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर रहे थे।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद को निर्देश दिए कि विकासखंड बिरधा, बार एवं जखौरा में संस्थागत प्रसव कराने के लिए पांच-पांच एएनएम को प्रशिक्षित कराकर उपकेंद्रों को प्रसव के लिए क्रियाशील किया जाए। ग्राम धारीकलां और बम्हौरीकलां सब सेंटरों पर मरीजों को आवागमन में परेशानी होने की जानकारी होने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी को फोन पर निर्देश दिए हैं कि वे वहां के एमओआईसी से वार्ता कर मौके पर पहुंचकर सेंटर तक आने के रास्ते को 10 दिनों के भीतर ठीक कराएं।
विकासखंड जखौरा के एमओआईसी की ओर से बैठक में अनुपस्थित रहने, कार्य में शिथिलता और लापरवाही बरतने के मामले में जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और सीएमओ को इनके विरुद्ध आरोप पत्र जारी करने और शासन से पत्राचार करने के निर्देश दिए। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर व ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर को कड़ी फटकार लगाते हुए स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित सुधार लाते हुए प्रगति बढ़ाने और सभी केंद्रों पर शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, सीएमएस डॉ. गजेंद्र सिंह, डीपीआरओ कुंवर सिंह यादव, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती, डीपीएम रजिया फिरोज, पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. सौरभ सक्सेना आदि मौजूद रहे।