संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चेक बाउंस के एक मामले में न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने पर नाराहट क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता मनोज कुशवाहा को सोमवार को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मनोज कुशवाहा के खिलाफ चेक बाउंस का एक मामला अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रविशंकर गुप्ता की अदालत में पिछले तीन वर्षों से विचाराधीन है। मामले की सुनवाई के दौरान वह निर्धारित तिथियों पर न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इस पर अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। सोमवार को वारंट के अनुपालन में कोतवाली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर मनोज कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।