नगर के वार्ड नंबर सोलह आजादपुरा प्रथम में गंदगी का साम्राज्य है। यहां नालियों का ढलान उल्टा होने से गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इस समस्या से वार्ड सभासद भी स्वयं जूझ रहे हैं। सभासद के घर के आगे की गली की सफाई नहीं हो पा रही है। वहीं, पेट्रोल पंप के पास भी नाली बजबजा रहीं हैं।
एक ओर स्वच्छता सर्वेक्षण को सफल बनाने की तैयारी हो रही है, इसमें होर्डिंग्स, फ्लैक्स जगह-जगह लगाए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। सबसे बुरा हाल वार्ड नंबर सोलह आजादपुरा प्रथम का है, यहां जगह-जगह खाली प्लाटों में गंदा पानी जमा हो रहा है। सभासद के घर के पास ही गंदगी के ढेर लगे हैं। इस रास्ते आवाजाही होना चाहिए वहां गंदे पानी की निकासी के लिए नाली खोद दी गई है। सेंट्रल पब्लिक स्कूल के पास बने नाले की सफाई ठीक तरीके से नहीं हुई है। वहीं, मोटी बरिया के पास बनी नालियों में ढलान की समस्या बनी हुई है, इस कारण गंदा पानी जगह-जगह रुक रहा है। वहीं, अभिलाषा फिलिंग स्टेशन के पास नाली बजबजा रही है तो पुलिया भी अवरुद्ध है। सड़क किनारे गंदे पानी का जमाव हो रहा है। ऐसे में शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाने का संकल्प पूरा नहीं हो पा रहा है।
पालिका में रखेंगे नाली, सड़क का प्रस्ताव
वार्ड के विकास पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। इस वजह से जगह-जगह गंदे पानी की निकासी और गंदगी की समस्या है। अगली बोर्ड बैठक में सड़क व नाली के प्रस्ताव रखेंगे।
हरिओम कुशवाहा, सभासद
वार्ड नंबर सोलह आजादपुरा प्रथम
मौके पर भेजेंगे इंजीनियर
नालियों के उल्टे ढलान की समस्या की वास्तविकता जानने के लिए मौके पर स्वास्थ्य नायक व इंजीनियर को भेजा जाएगा। इसके उपरांत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रजनी साहू, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद