ललितपुर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव द्वारा जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल के किचन में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और साफ-सफाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय गजेंद्र सिंह अल्ट्रासोनोलोजिस्ट, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) एवं डॉ. नंदलाल यादव हॉस्पिटल क्वालिटी मैनेजर सहित अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। गजेंद्र सिंह द्वारा बताया गया कि मीनाक्षी सिंह मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह अवकाश पर हैं। ओपीडी के निरीक्षण में बताया गया कि प्रतिदिन लगभग 40 से 50 मरीज ओपीडी में आते हैं।
बताया कि वर्तमान में एक भी गायनोकोलॉजिस्ट नहीं हैं। उनके स्थान पर मात्र एक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशु बजाज एवं डॉ. प्रतिभा सक्सेना (आयुष) जनरल ओपीडी देख रही हैं।
निरीक्षण में छह मरीज आकस्मिक विभाग में मिले। बताया गया कि माह में 400 से ऊपर डिलीवरी हो जाती हैं। चिकित्सालय में किचन में गंदगी देख अपर जिलाधिकारी ने साफ-सफाई के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अन्तर्गत स्थापित कक्ष निरीक्षण के दौरान बताया गया कि एक जून से 88 लोगों द्वारा गोल्डन कार्ड हेतु आवेदन किया गया, जिनमें से 31 आवेदन निरस्त किए गए, लेकिन निरस्त किए जाने का स्पष्ट कारण नहीं बताया जा सका।
इस पर उन्होंने संबंधित ऑपरेटर को पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेशन एवं आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। वहीं, निरीक्षण के दौरान ओपीडी, पंजीकरण कक्ष, आकस्मिक विभाग, लैब और दवाइयों के साथ स्टोर एवं ऑपरेशन थियेटर और की व्यवस्था भी देखी।