ललितपुर। क्षमता से अधिक मवेशी भरकर ले जा रहे दो कंटेनर पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने दस आरोपियों के खिलाफ दो मुकदमें दर्ज कर लिए हैं। शहर के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी प्रशांत शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की रात उसे सूचना मिली थी कि विघा खेत के पास टोल प्लाजा के पास जानवरों की तस्करी हो रही है। सूचना पर वह अपने साथियों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे। यहां उन्होंने दो कंटेनरों को पकड़ा। कंटेनरों को खोलकर देखा तो अंदर क्षमता से अधिक मवेशी भरे हुए थे। इसमें एक कंटेनर में 52 व दूसरे में 55 मवेशी थे। दोनों कंटेनरों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने प्रशांत शुक्ला की तहरीर पर रफीक, जाकिर निवासी पचानका हथिन पलवल हरियाणा, शहजाद निवासी बागपत, गय्यूर निवासी शाहीनबाग दक्षिण दिल्ली, खलील निवासी मुगलपुरा बागपत के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं दूसरे कंटेनर ट्रक के मामले में नवल किशोर निवासी कटरा बाजार की तहरीर पर मुजीद निवासी फिरोजपुर व उसके चार साथियों के खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।