संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में जर्जर सड़कों व जगह-जगह जलभराव की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग को लेकर बुंदेलखंड विकास सेना ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा, वाहन तो दूर पैदल भी सुरिक्षत चलना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमार्ग गड्ढों में तब्दील हैं। अब हिचकोले खाकर निकलना पड़ रहा है। मुख्यमार्ग ही नहीं मोहल्ला की गलियों की सड़क भी खराब पड़ी है। विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाए जाने के लिए सड़क की खोदाई की गई है। पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। जगह-जगह जलभराव बना हुआ है। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। उधर, मेडिकल कॉलेज में जगह-जगह कीचड़ है। खुले में मेडिकल कचरा पड़ा है। अस्पताल में ऑनकाल चिकित्सक की सुविधा के बाद भी नहीं आ रहे हैं। उन्होंने समस्याओं को दूर कर मरीजों को सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। ज्ञापन पर अध्यक्ष हरीश कपूर टीटू, महेंद्र अग्निहोत्री, सुधेश नायक, सुनील, प्रेमशंकर, राजेंद्र, देवेंद्र, संजूराजा, शिवराज, हेमंत आदि के हस्ताक्षर बने हैं।