ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाने के सामने प्लेटफार्म संख्या एक से चार तक जाने के लिए नया पैदल पुल बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए प्लेटफार्म चार पर रैंप बनाने के लिए पिलर बनाने के बाद गाटर व रैलिंग लगाई जा रही है। वहीं प्लेटफार्म संख्या एक पर रैंप के पिलर बनाने के लिए गड्ढा खोदाई का काम शुरू कर दिया है।
रेलवे स्टेशन पर थाना जीआरपी के सामने प्लेटफार्म संख्या एक से चार तक जाने के लिए पैदल पुल बनाया जा रहा है। इसके लिए पूर्व में नेहरू नगर से प्लेटफार्म तीन पर जाने वाला पुराना पैदल पुल तोड़ दिया गया था। नया पैदल पुल बनाने के लिए दो महीने पहले रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक, दो व तीन एवं चार नंबर प्लेटफार्म पर लोहे के पिलर तैयार कर उन पर गाटर रखे गए और वर्तमान में इन गाटरों पर रैलिंग एवं स्लैब डालने के लिए जाल बिछाने का काम चल रहा है।
वहीं प्लेटफार्म संख्या चार पर गाटरों से प्लेटफार्म तक करीब डेढ़ सौ फुट तक लंबे गाटर बिछाने का काम कर लिया गया है। अब यहां सीमेंटेड स्लैब डाला जाएगा। जबकि दो व तीन नंबर प्लेटफार्म पर भी स्लैब बनाने के लिए कुछ पिलर पर गाटर लगा दिए गए हैं। रेलवे ने प्लेटफार्म संख्या एक पर नए पैदल पुल के लिए पिलर बनाए जा रहे हैं और गड्ढे खोदे जा रहे हैं।
-ललितपुर रेलवे स्टेशन पर नया पैदल पुल बनाने का काम चल रहा है, जल्द ही यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
-मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।