कैप्सन - पेट्रोल पंप संचालक एवं सेल्समेन से जानकारी लेते अधिकारी
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों द्वारा शुक्रवार को पेट्रोल पंप से की गई पांच लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज कर लिया है। शनिवार को पुलिस उपनिरीक्षक सुभाष सिंह बघेल और पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया। डीआईजी ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
शुक्रवार को दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने पूराकलां तिराहे पर स्थित जेके पेट्रोल पंप से तमंचों के बल पर वहां कार्यरत सेल्समैन को धमकाते हुए पांच लाख इकसठ हजार छह सौ बीस रुपये की नकदी लूट ली थी। लूट के बाद बदमाश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के डीबीआर उखाड़कर अपने साथ ले गए थे। सीओ कार्यालय से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप पर इस तरह की वारदात से नगर में दहशत फैल गई थी, क्योंकि यह स्थान नगर के सबसे सुरक्षित स्थानों पर माना जाता है। इस क्षेत्र में हर समय चलह-पहल रहती है और डायल 100 पुलिस बल भी मौजूद रहता है। शनिवार को पुलिस उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने पेट्रोल पंप पा जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पंप संचालक और वहां कार्यरत सेल्समेनों से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। बाद में अधिकारियों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा को इसके शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।