ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम मनपुरा में मंदिर के पास ऑटो चालक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बहन को मोटरसाइकिल से उसकी ससुराल छोड़ने जा रहा था। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम वीघामुनरा, राजपुुर निवासी धर्मेंद्र (20) पुत्र भुजबल बृहस्पतिवार की दोपहर में अपने गांव से मोटरसाइकिल से अपनी बहन विमलेश (25) को छोड़ने उसकी ससुराल ग्राम रामपुर जा रहे थे। मोटरसाइकिल पर साथ में उसकी भांजी परी (4) भी साथ में थी। अभी वह ग्राम मनपुरा में मंदिर के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही एक ऑटो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान धर्मेंद्र की मौत हो गई। मृतक दो भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। वहीं, ऑटो चालक ऑटो छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।