ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बुढ़वार निवासी एक मजदूर की सिद्धन मंदिर के पास ट्रेन से कटकर मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शादी दो महीने पहले ही सागर जिले की युवती से हुई थी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुढ़वार निवासी चार्ली (19) पुत्र बलराम सिंह शुक्रवार को सुबह करीब सात बजे घर से मिल पर मजदूरी के लिए जाने की बात कहकर निकला था। वह ललितपुर मुख्यालय तक अपने चाचा राजू यादव के साथ मोटरसाइकिल से आया। चाचा को कोई काम होने के चलते वह चले गए, वह भी मिल पर जाने की कहकर निकल गया। इसके बाद उसका शव सिद्धन मंदिर के पास खजुराहो रेल लाइन पर पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई और शव के पास मिले मोबाइल में नंबरों को डायल किया और परिजनों से बात कर घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त चार्ली के रूप में की। जिसके बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा राजू यादव ने बताया कि मृतक पांच बहन व तीन भाइयों में सातवें नंबर का था। वह गल्ला मंडी के आगे एक मिल पर काम करता था और वह उसके साथ ही ललितपुर तक आया था। उसने यह भी बताया कि दो चार्ली की दो माह पहले ही 14 अप्रैल को सागर जिला के बेलखेरी गांव निवासी युवती से शादी हुई थी। अब यह घटना होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।