बंदी से मारपीट करने में फंसा बागपत का ढाका, रिपोर्ट दर्ज
गैंगस्टर के आरोपी बंदी ने लगाया पिटाई और चम्मच से हमला करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला कारागार में बागपत से लाए गए बंदी ज्ञानेंद्र ढाका अब जेल में गैंगस्टर के आरोपी की पिटाई करने और उस पर चम्मच से हमला करने में फंस गया है। बंदी की तहरीर पर शुक्रवार को पुलिस ने ढाका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल में बंद ढाका के पास से मोबाइल फोन मिलने के आरोप में बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
शहर के मोहल्ला भीमनगर निवासी धीरज पुत्र नाथूराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में जिला कारागार में बंद है। जेल अधिकारियों द्वारा बृहस्पतिवार को ज्ञानेंद्र ढाका की तलाशी ली गई थी। तलाशी के बाद जब वह बैरक संख्या-2 में वापस लौटा, तो ढाका ने उस पर चम्मच से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
धीरज का आरोप है कि हमला करने के बाद ज्ञानेंद्र ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की शिकायत पर कोतवाली सदर पुलिस ने बंदी ज्ञानेंद्र ढाका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि बंदी की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
-
कारागार में दो बैरकों के बंदियों के बीच चल रही रंजिश
जेल सूत्रों के अनुसार, जिला कारागार की बैरक नंबर-2 और बैरक नंबर-3 में निरुद्ध बंदियों के बीच लंबे समय से रंजिश और वर्चस्व की जंग चल रही है। अक्सर किसी न किसी बात पर दोनों बैरकों के बंदियों के बीच कहासुनी और मारपीट की नौबत आ जाती है। इन्हीं में बैरक नंबर-2 में बागपत से प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित बंदी ज्ञानेंद्र ढाका भी निरुद्ध है।